पौड़ी : मौरी मेले की तैयारियां तेज करने और स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग

Team PahadRaftar

जसपाल नेगी पौड़ी। 12 वर्षों बाद आयोजित होने जा रहे ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक मौरी मेले की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने तथा मेले के दिन स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग उठी है। इस संबंध में ग्राम प्रधान धनाऊ कमल रावत ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि 6 जुलाई को आयोजित होने वाले मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, कानून व्यवस्था बनाए रखने, पेयजल, स्वच्छता और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संभालने के निर्देश दिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कमल रावत ने मेले में स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी का हवाला देते हुए न्याय पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत संचालित सभी राजकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालयों में 6 जुलाई को एक दिवसीय स्थानीय अवकाश घोषित करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि इससे विद्यार्थी और अभिभावक सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन में भाग ले सकेंगे।

Leave a Reply

You May Like