गोपेश्वर में कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली, सीईसी का पुतला फूंका
केएस असवाल
गोपेश्वर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली निकालकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सीईसी का पुतला भी दहन किया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता बस स्टैंड से अंबेडकर भवन तक रैली के रूप में पहुंचे। यहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राष्ट्रगान के बाद भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की गारंटी का वाचन किया गया। लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत आयोजित रैली में जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सभा में प्रदेश सचिव वीरेंद्र सिंह रावत, पूर्व प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र फर्स्वाण और ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र नेगी समेत अन्य वक्ताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा को लेकर विचार रखे। इसके बाद कार्यकर्ता बस स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संदीप झिंक्वाण ने किया। इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, पीसीसी सदस्य अरविंद नेगी, महिला जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, जिला मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह सजवाण, नंदप्रयाग नगराध्यक्ष अनिल कठैत, जिला प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी, जिला महामंत्री रविंद्र बर्त्वाल, जिला सचिव योगेंद्र बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

