तीन से पांच नवंबर तक वाराणसी में होगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, सनातन संस्कृति व राष्ट्र निर्माण पर होगा मंथन
संजय कुंवर
गोपेश्वर / जोशीमठ। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती को वाराणसी में आयोजित होने वाली संस्कृति संसद-2026 में सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया है। गंगा महासभा की ओर से आयोजित छठे द्विवार्षिक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश से संत, विद्वान और गणमान्य लोग शामिल होंगे।
तीन से पांच नवंबर तक रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र वाराणसी में होने वाले सम्मेलन में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही युवाओं के दृष्टिकोण और बदलते समय में उनकी भूमिका को लेकर जेन-जी कॉन्क्लेव भी आयोजित किया जाएगा।
आयोजन अखिल भारतीय संत समिति, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और श्री काशी विद्वत् परिषद के मार्गदर्शन में होगा। सम्मान के लिए आमंत्रित किए जाने पर ऋषि प्रसाद सती ने गंगा महासभा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के प्रयास का हिस्सा बनना उनके लिए गौरव का विषय है।
