ऊखीमठ : 151 जल कलशों से निकली भव्य यात्रा, जयकारों से गूंजा भटवाड़ी

Team PahadRaftar

151 जल कलशों से निकली भव्य यात्रा, जयकारों से गूंजा भटवाड़ी

ऊखीमठ। नगर पंचायत क्षेत्र के भटेश्वर वार्ड स्थित भटवाड़ी गांव में भगवती कालिंका मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय सकलीकरण यज्ञ के दूसरे दिन 151 जल कलशों की भव्य यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देवी के जयकारों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।

मंदिर परिसर में सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ की पूजा-अर्चना शुरू हुई। इसके बाद 151 जल कलशों का विधिवत पूजन किया गया। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने कलश सिर पर धारण कर गांव के विभिन्न मार्गों से यात्रा निकाली। इस दौरान श्रद्धालु भगवती कालिंका के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।

क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना

जल कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवती कालिंका से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जगत कल्याण की कामना की। कुंड-चोपता राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प और अक्षत से यात्रा का स्वागत किया। मंदिर पहुंचने पर कलशों का विधिवत पूजन कर उन्हें यज्ञीय अनुष्ठान में शामिल किया गया।

आचार्य विश्व मोहन जमलोकी ने बताया कि सकलीकरण यज्ञ क्षेत्र और वातावरण की शुद्धि तथा दैवीय शक्तियों के आह्वान का महत्वपूर्ण अनुष्ठान है। आचार्य वेद प्रकाश जमलोकी ने कहा कि 151 जल कलशों की यात्रा ने क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं को जीवंत कर दिया।

धार्मिक आयोजन से बढ़ती है सामाजिक एकता

नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने भी जल कलश यात्रा में शामिल होकर मां भगवती कालिंका का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ समाज में एकजुटता और आपसी सद्भाव का संदेश देते हैं।

यज्ञ समिति अध्यक्ष दलपत सिंह पंवार ने कहा कि क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे, इसी मंगल भावना से सकलीकरण यज्ञ कराया जा रहा है। आयोजन के चलते भटवाड़ी गांव में दिनभर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर ओंकारेश्वर मंदिर के प्रधान पुजारी शिव लिंग, अभ्युदय जमलोकी, आरसी तिवारी, प्रबल सिंह नेगी, राकेश तिवारी, बलवीर पंवार, प्रदीप धर्म्वाण, रविंद्र रावत, राजेंद्र धर्म्वाण, प्रकाश रावत, मनवर सिंह धर्म्वाण, गजपाल पटवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : स्वतंत्रता दिवस पर चमोली पुलिस का बढ़ा गौरव, अमनदीप को गोल्ड तो चंदन नगरकोटी को सिल्वर प्रशस्ति डिस्क

गिरीश चंदोला चमोली। स्वतंत्रता दिवस चमोली पुलिस के लिए गौरव और सम्मान लेकर आया है। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की ओर से कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट सेवा, विशिष्ट कार्य और सराहनीय योगदान के लिए जिले के दो पुलिसकर्मियों का चयन पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क के लिए किया गया है। उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को […]

You May Like