ऊखीमठ : मोहनखाल-चोपता मार्ग के लिए 41वें दिन भी गूंजा आंदोलन

Team PahadRaftar

तुंगनाथ-कार्तिक स्वामी तीर्थाटन को जोड़ेगा मोहनखाल-चोपता मार्ग

41वें दिन भी धरना जारी, रुद्रप्रयाग-चमोली में पर्यटन सर्किट विकसित करने की मांग

लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ : मोहनखाल-किणझाणी-चोपता मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर मोहनखाल में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को 41वें दिन भी जारी रहा। संघर्ष समिति ने कहा कि प्रस्तावित सड़क बनने से तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ और भगवान कार्तिक स्वामी धाम के बीच तीर्थाटन को नया विस्तार मिल सकता है। साथ ही रुद्रप्रयाग और चमोली के पर्यटन स्थलों को जोड़कर नया पर्यटन सर्किट विकसित करने की राह खुलेगी।

धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि दोनों धामों में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। बेहतर सड़क संपर्क मिलने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है। इससे होम स्टे, होटल, परिवहन, स्थानीय उत्पाद और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

संघर्ष समिति ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाएं तो हैं, लेकिन सड़क संपर्क की कमी बड़ी बाधा है। मोहनखाल-किणझाणी-चोपता मार्ग बनने से रुद्रप्रयाग और चमोली के कई पर्वतीय स्थलों के बीच आवागमन सुगम होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिल सकती है।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि 41 दिन से आंदोलन चल रहा है, लेकिन अब तक निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से मार्ग की उपयोगिता और पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए निर्माण प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की। साथ ही स्पष्ट किया कि ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस मौके पर संघर्ष समिति अध्यक्ष राकेश सिंह नेगी, आशीष थपलियाल, धर्मवीर सिंह, हरीश नेगी, संजय सिंह, विनोद सिंह, कुंदन सिंह, कुलवीर सिंह नेगी, प्रदीप, प्रकाश लाल, कल्पेश्वर चंद्र थपलियाल, महेंद्र सिंह, पुष्कर सिंह और धर्मेंद्र बिष्ट समेत कई आंदोलनकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : गौचर में 25 सितंबर को होगा जनपदीय पत्रकार सम्मेलन

गौचर में 25 सितंबर को होगा जनपदीय पत्रकार सम्मेलन वरिष्ठ पत्रकार होंगे सम्मानित, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर होगी व्याख्यानमाला पहाड़ रफ्तार  गौचर, संवाददाता। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की ओर से 25 सितंबर को गौचर में आयोजित होने वाले जनपदीय पत्रकार सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। […]

You May Like