चमोली : चौकी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह की सतर्कता से बची महिला की जान, पिंडर नदी किनारे से सकुशल बरामद

Team PahadRaftar

चौकी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह की सतर्कता से बची महिला की जान, पिंडर नदी किनारे से सकुशल बरामद

गिरीश चंदोला थराली । चमोली पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक महिला की जान बच गई। बीते एक दिन से लापता महिला को पुलिस ने सिमली क्षेत्र में पिंडर नदी किनारे से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार थाना थराली क्षेत्र की एक महिला 11 जून को बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। महिला के लापता होने की सूचना मिलने पर ग्वालदम चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने तत्काल कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस को जानकारी दी। गुरुवार को परिजनों ने भी महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई। इस दौरान महिला का व्हाट्सएप एक अन्य मोबाइल में लॉगिन होने के कारण परिजनों को ऐसे संदेश मिले, जिनसे उसके नदी में कूदकर जान देने की आशंका जताई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में कर्णप्रयाग पुलिस सक्रिय हो गई। एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला की सहायता से महिला की मोबाइल लोकेशन ट्रैक की गई। पुलिस टीमों ने संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया, वाहनों की चेकिंग की और नदी किनारों पर भी खोजबीन शुरू की।

लगातार प्रयासों के बाद महिला की लोकेशन सिमली क्षेत्र के पड़ूली गांव के नीचे पिंडर नदी किनारे मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला को अकेले बैठे और मानसिक तनाव की स्थिति में पाया। पुलिस कर्मियों ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ महिला से बातचीत की और काफी देर तक समझाइश देने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

पुलिस के सकारात्मक प्रयासों के बाद महिला ने आत्मघाती कदम उठाने का इरादा छोड़ दिया। इसके बाद उसे कोतवाली कर्णप्रयाग लाया गया, जहां आवश्यक काउंसलिंग के बाद थाना थराली पुलिस और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय नेगी, अपर उपनिरीक्षक हरेंद्र गुसाईं, कांस्टेबल मनवीर नेगी, कांस्टेबल अवतार और कांस्टेबल सुरेश भी शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की सराहना की है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : निजमूला घाटी पहुंचे डीएम, नवंबर तक झींझी पुल निर्माण पूरा करने के निर्देश

संजय कुंवर चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को दूरस्थ निजमूला घाटी का दौरा कर विकास कार्यों की प्रगति और जनसमस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने बिरही-निजमूला सड़क और निर्माणाधीन निजमूला-पाणा सड़क का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने भूस्खलन प्रभावित काली […]

You May Like