
जीआईसी भणज में 46 छात्रों को मिले कंप्यूटर प्रमाण पत्र, छात्रों ने कहा- निःशुल्क शिक्षा बदल रही भविष्य
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। क्यूंजा घाटी क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज भणज में सीकेएस फाउंडेशन और टाटा एआईए के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान आयुष, अंजलि, मोक्ष, रिया समेत 16 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र दिए गए। फाउंडेशन अब तक 46 छात्रों को कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र प्रदान कर चुका है।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य पीएल आर्य, ट्रस्टी पूनम शर्मा, डायरेक्टर प्रिया शर्मा, सीकेएस फाउंडेशन के प्रेसिडेंट चंद्र कुमार शर्मा, शिक्षक महिपाल रावत, बीना किमोठी, प्रदीप नेगी और दीपक सिंह मौजूद रहे।
विद्यालय में प्रशिक्षण दे रहे प्रदीप नेगी की छात्र-छात्राओं ने जमकर सराहना की। छात्रों ने बताया कि उन्हें बेसिक कंप्यूटर, एमएस एक्सेल समेत कई जरूरी विषय आसान तरीके से सिखाए जा रहे हैं। छात्रा अनिशा ने कहा कि छह माह का निःशुल्क कंप्यूटर कोर्स भविष्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि पहाड़ के गरीब छात्रों के लिए यह एक बड़ा अवसर है।
वहीं छात्र मोक्ष शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षक प्रदीप और दीपक कंप्यूटर की बारीकियां बेहद सरल ढंग से समझाते हैं, जिससे सीखने में आसानी होती है।
सीकेएस फाउंडेशन के प्रेसिडेंट चंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के छात्रों के लिए कंप्यूटर शिक्षा समय की जरूरत है। फाउंडेशन निःशुल्क प्रशिक्षण देकर युवाओं को डिजिटल रूप से मजबूत बना रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने का भी काम कर रही है, जिससे पहाड़ के युवाओं को नई दिशा मिल रही है।

