संजय कुंवर, देहरादून : राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर में सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर मतदान हुआ। सहसचिव पद पर रितिका पाल निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

अध्यक्ष पद पर मनीषा प्रवीन ने 244 मत हासिल कर आदित्य पांडेय को 33 मतों से हराया। आदित्य को 211 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर मोहित कुमार ने 251 मत प्राप्त कर युवांशु कुमार को 50 मतों से पराजित किया। युवांशु को 200 मत मिले।
सचिव पद पर खुशी ने 215 मत हासिल कर प्रियांशु रावत को 46 मतों से शिकस्त दी। प्रियांशु को 169 और अमन किशोर डंगवाल को 70 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर ऋतु ने 241 मत प्राप्त कर सानिया को 35 मतों से हराया। सानिया को 206 मत मिले।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अंजली ने 247 मत हासिल कर अर्पित सिंह नेगी को 46 मतों से पराजित किया। अर्पित को 201 मत मिले। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. कुलदीप सिंह रावत ने परिणाम घोषित किए।
परिणाम घोषित होने के बाद प्राचार्य एवं महाविद्यालय के संरक्षक प्रो. संजय कुमार ने निर्वाचित पदाधिकारियों और छह कार्यकारिणी सदस्यों को पद की शपथ दिलाई। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों से दलीय संकीर्णता से ऊपर उठकर महाविद्यालय के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए निर्वाचन समिति, महाविद्यालय के कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन और मीडिया का आभार जताया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।

