
चार मंत्रियों पर लगाए कथित भ्रष्टाचार के आरोप, अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने का मुद्दा भी उठाया
चमोली : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष हस्ताक्षर अभियान के तहत रविवार को दशोली ब्लॉक मुख्यालय चमोली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से संपर्क कर हस्ताक्षर करवाए। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र नेगी के नेतृत्व में बस स्टैंड पर आयोजित अभियान में प्रदेश सरकार के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आवाज उठाई गई।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 10 से 30 नवंबर तक चल रहे इस अभियान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी और धन सिंह रावत पर कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने इन मामलों में सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। इसके साथ ही अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को पार्टी की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों की जानकारी दी। आयोजकों के अनुसार, अभियान में लोगों ने भागीदारी करते हुए हस्ताक्षर कर समर्थन जताया।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव सुदर्शन शाह, जिला मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह सजवाण, एससी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष भगत कनियाल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य बिपिन फर्स्वाण, जिला पंचायत सदस्य जयप्रकाश पंवार, वरिष्ठ कांग्रेसी गुलाब सिंह बिष्ट, प्रताप लाल, युवा कांग्रेस के सचिन गड़िया, भरत कुंवर, मंडल अध्यक्ष मोहन नेगी, सेक्टर अध्यक्ष महावीर रौतेला और फागुणू लाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
