देहरादून : फाफर के डोसे और बिच्छू घास की खिचड़ी का चखा स्वाद, किसानों ने सिखाए पहाड़ी व्यंजन बनाने के गुर

Team PahadRaftar

हिमालयन फूड एंड सीड फेस्टिवल के दूसरे दिन नीति, स्पीति और जोंगू घाटी के पारंपरिक पकवान रहे आकर्षण का केंद्र, करीब 200 लोगों ने लिया हिस्सा

देहरादून : हिमालय की वादियों में उगने वाले पारंपरिक अनाज और स्थानीय खाद्य वनस्पतियों का स्वाद रविवार को दून में देखने को मिला। मियावाला स्थित ठौर-द दून हाट में आयोजित हिमालयन फूड एंड सीड फेस्टिवल के दूसरे दिन फाफर का पहाड़ी डोसा, बिच्छू घास की खिचड़ी, लाल चावल और सत्तू का हलवा लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। नीति, स्पीति और जोंगू घाटियों से पहुंचे किसानों ने पारंपरिक व्यंजन तैयार कर उनकी विधियां बताईं। लोगों ने भी पहाड़ी स्वाद का खूब आनंद लिया।

इंटीग्रेटेड माउंटेन इनिशिएटिव (आइएमआइ) की ओर से आयोजित महोत्सव में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के किसानों ने प्रतिभाग किया। हरिद्वार के किसानों और एसएमएस विश्वविद्यालय देहरादून के विद्यार्थियों ने भी हिमालयी खाद्य विविधता और पारंपरिक पाक कला की जानकारी ली। आयोजकों के अनुसार दूसरे दिन करीब 200 लोग महोत्सव में पहुंचे।

पारंपरिक अनाज को बढ़ावा देने पर जोर

पहले सत्र में बिनीता शाह ने महोत्सव के पहले दिन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पैदा होने वाले पारंपरिक अनाज और खाद्य वनस्पतियों की उपयोगिता बताई। साथ ही थाइम (THYME) ब्रांड के माध्यम से हिमालयी उत्पादों को विशिष्ट पहचान दिलाकर आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्रीअन्न के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि पारंपरिक फसलों के लिए अच्छा संकेत है।

स्वामी राम यूनिवर्सिटी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. स्मिता डिमरी ने कहा कि बदलती जीवनशैली में पैकेज्ड और रेडी-टू-ईट भोजन का चलन बढ़ रहा है। ऐसे में खासकर युवाओं को भोजन का चयन करते समय उसकी पोषण गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए। हिमालयी पारंपरिक अनाज और खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने से उपभोक्ताओं को पौष्टिक विकल्प मिलेंगे और किसानों को भी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा। इसके बाद डॉ. अभिनव अस्वाल ने प्रतिभागियों को ध्यान का अभ्यास कराया।

स्थानीय अनाज से तैयार किए लजीज पकवान

दूसरे सत्र में किसानों ने अपनी पारंपरिक रसोई के हुनर से लोगों को परिचित कराया। सिक्किम के प्रतिभागियों ने लाल चावल और बिच्छू घास की खिचड़ी के साथ फाफर के आटे की खुरी बनाना सिखाया। वहीं नीति घाटी के किसानों ने फाफर का पहाड़ी डोसा, फाफर के लड्डू और पहाड़ी घी से सत्तू का हलवा तैयार किया।

हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी के स्टॉल पर चिरुल और घुत्तु जैसे पारंपरिक व्यंजन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। आगंतुकों ने इन पकवानों का स्वाद लेने के साथ ही इनमें इस्तेमाल होने वाली स्थानीय उपज और उनसे जुड़ी खानपान की परंपराओं के बारे में भी जानकारी ली। महोत्सव के माध्यम से हिमालयी खाद्य विरासत, पारंपरिक खेती और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Next Post

देहरादून : पहाड़ के विकास को समर्पित जीवन का सफर थमा, पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय का निधन

78 वर्ष की आयु में अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में ली अंतिम सांस, जन्मदिन के दिन ही दुनिया को कहा अलविदा; पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास में रहा अतुलनीय योगदान अल्मोड़ा। उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाले पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय का रविवार […]

You May Like