
गौचर प्रेस क्लब में विचार गोष्ठी, खबरों की तथ्यपरकता और निष्पक्षता पर दिया जोर
पहाड़ रफ्तार
गौचर। एआई और सोशल मीडिया ने पत्रकारिता की दुनिया को तेजी से बदल दिया है। खबरों का प्रसारण जितना आसान और तेज हुआ है, उतनी ही खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखने की चुनौती भी बढ़ी है। ऐसे में पत्रकारों को खबरों की दौड़ में शामिल होने के बजाय तथ्यों की पड़ताल और पत्रकारिता के मूल्यों को प्राथमिकता देनी होगी। यह बात गौचर प्रेस क्लब में राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कही।
एआई और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की चुनौतियां विषय पर आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि वैज्ञानिक नरेंद्र सिंह नेगी, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री और वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक शंकर सिंह भाटिया ने विचार रखे। समाजसेवी एवं आईटी विशेषज्ञ अजय किशोर भंडारी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
मुख्य वक्ता अजय किशोर भंडारी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सोशल मीडिया का हिंदी पत्रकारिता पर व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। तकनीक ने समाचारों के संकलन और प्रसारण को आसान बनाया है, लेकिन इसके दुरुपयोग से भ्रामक सूचनाओं का खतरा भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना पत्रकार की जिम्मेदारी है। तेजी से खबर देने की प्रतिस्पर्धा में तथ्यों और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं होना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि लोक जागर गायक मोहित सती ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। पत्रकारिता का उद्देश्य समाज तक सही और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना है। इसके लिए निष्पक्षता और सामाजिक समरसता बनाए रखना जरूरी है।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि तकनीक के बदलते दौर में एआई का उपयोग पत्रकारिता को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है, लेकिन खबरों की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी का विकल्प तकनीक नहीं बन सकती।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब गौचर के अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल, महामंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष ईश्वर सिंह राणा, उपाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा, पत्रकार प्रदीप लखेड़ा, संदीप कुमार, वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, पुष्कर सिंह राणा और प्रदीप चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन वरिष्ठ पत्रकार भानु प्रकाश नेगी ने किया।

