252 शिकायतें अब भी लंबित, विभागों को तय समय में निस्तारण के निर्देश
चमोली : जनपद में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसमस्याओं के समाधान में गंभीरता और संवेदनशीलता दिखाएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न बनकर गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।
डीएम ने यह भी साफ किया कि सुझाव और मांग से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से शिकायतों में लंबित न रखा जाए। ऐसे मामलों को संबंधित श्रेणी में डालकर वास्तविक शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
राजस्व विभाग की शिकायतों को लेकर डीएम ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। वहीं लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत और वन विभाग में अधिक लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में सामने आया कि जनपद में एल-1 और एल-2 स्तर पर 252 शिकायतें लंबित हैं, जबकि एल-3 पर 40 और एल-4 पर 17 शिकायतें पेंडिंग हैं। एल-1 स्तर पर सबसे अधिक 38 शिकायतें लोक निर्माण विभाग, 28 ऊर्जा विभाग और 15 वन विभाग से संबंधित हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम जनता की आवाज है, इसलिए हर शिकायत का संतोषजनक समाधान जरूरी है। इससे शासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत होगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

