गौचर : सगाई समारोह के ऊपर से गुजरा सेना का ड्रोन, कुछ देर बाद जंगल में क्रैश; टला बड़ा हादसा

Team PahadRaftar

केएस असवाल गौचर। गौचर क्षेत्र के बिजराकोट गांव के जंगल में बृहस्पतिवार को सेना का एक ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे से ठीक पहले ड्रोन ककोड़ाखाल गांव के ऊपर से गुजरा, जहां एक सगाई समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। ड्रोन आबादी से दूर चीड़ के जंगल में गिरने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे ट्रायल के दौरान उड़ रहा सेना का ड्रोन ककोड़ाखाल गांव के ऊपर से होकर बिजराकोट की ओर बढ़ा। उस समय गांव में सगाई समारोह चल रहा था। ग्रामीण ड्रोन को देखकर कुछ समझ नहीं पाए और इसे कौतूहल से देखते रहे। कुछ ही देर बाद तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। लोग मौके की ओर दौड़े तो देखा कि ड्रोन चीड़ के पेड़ों से टकराकर जंगल में गिर गया है।

ककोड़ाखाल निवासी पप्पू बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना सबसे पहले गौचर स्थित आईटीबीपी की 8वीं वाहिनी को दी गई, लेकिन उन्होंने ड्रोन अपना होने से इन्कार कर दिया। इसके बाद रुद्रप्रयाग स्थित सेना से संपर्क किया गया, जहां से ड्रोन सेना का होना स्वीकार किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ड्रोन के रिमोट सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से वह नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि सेना की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि ड्रोन आबादी वाले क्षेत्र या सगाई समारोह के ऊपर गिरता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : नशामुक्ति का संदेश, 28 जून को थलीसैंण में लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

जसपाल नेगी पौड़ी। स्व. राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को पाबौ बाजार में नशामुक्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में लोगों से नशे से दूर रहने और निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाने की अपील की गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय […]

You May Like