
मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में 11-12 वर्ष आयु वर्ग में हुआ चयन, ग्रामीण क्षेत्र में खुशी
अखिलेश सती, देवाल। सुदूरवर्ती गांव से प्रतिदिन दो किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय पहुंचने वाला कक्षा नौ का छात्र दीपक मेहरा अब खेल प्रतिभा के दम पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। विकासखंड देवाल के राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बोरागाड़ के छात्र दीपक का चयन मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 11-12 वर्ष आयु वर्ग में हुआ है। दीपक के चयन से उसके गांव ओडर, बोरागाड़ और विद्यालय में खुशी का माहौल है।
दीपक ग्राम ओडर का रहने वाला है और पढ़ाई के लिए रोजाना करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बोरागाड़ पहुंचता है। ग्रामीण क्षेत्र में सीमित खेल संसाधनों के बावजूद उसने खेल के प्रति अपनी रुचि और मेहनत को जारी रखा। अभ्यास और विद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के दम पर उसने मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में स्थान बनाया।
दीपक की उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कमल भंडारी ने खुशी जताते हुए छात्र और विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यदि विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
विद्यालय के व्यायाम शिक्षक तारा सिंह दानू विद्यार्थियों को खेलों के प्रति लगातार प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें प्रशिक्षण भी देते हैं। विद्यालय परिवार का कहना है कि दीपक का चयन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का विषय है।
राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बोरागाड़ के छात्र विभिन्न क्षेत्रों में लगातार उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। दीपक की सफलता पर एसएमसी, पीटीए अध्यक्ष और समस्त विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता जताई और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
