बारिश बनी बाधा, स्वास्थ्य टीम ने 10 किमी पैदल चलकर कराया सुरक्षित प्रसव
चमोली : जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क बंद होने से अस्पताल नहीं पहुंच सकी गर्भवती महिला का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सुरक्षित प्रसव कराया। जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार थराली ब्लॉक के ग्राम गोठिंडा निवासी पुष्पा देवी को बुधवार देर रात प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली ले जा रहे थे, लेकिन भारी बारिश से मोटर मार्ग बंद होने के कारण अस्पताल पहुंचना संभव नहीं हो सका।
सूचना मिलते ही ब्लॉक आशा समन्वयक प्रवेन्द्र सिंह ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय गुप्ता को अवगत कराया। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी राहुल देवराड़ी, एएनएम मंजू बिष्ट और आशा कार्यकर्ता मीना देवी आवश्यक चिकित्सा सामग्री लेकर गांव के लिए रवाना हुए। स्वास्थ्य टीम ने करीब 10 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर गर्भवती तक पहुंच बनाई।
हालात को देखते हुए स्वास्थ्यकर्मियों ने रास्ते में ही सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। परिजनों ने टीम की तत्परता और समर्पण की सराहना करते हुए आभार जताया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि प्रसूता और नवजात की स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बावजूद लोगों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। आपदा और आपातकालीन स्थिति में स्वास्थ्य विभाग की टीमें 24 घंटे सेवाएं देने के लिए तैयार हैं।

