
गुलाबकोटी में मलबे और सड़क धंसने से थमी आवाजाही, एनएच ने युद्धस्तर पर काम कर बहाल किया यातायात
संजय कुंवर चमोली। बुधवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की रफ्तार थाम दी। पागलनाला और गुलाबकोटी के पास भारी मलबा और बोल्डर आने से हाईवे बंद हो गया। पागलनाला में मार्ग जल्द बहाल कर दिया गया, लेकिन गुलाबकोटी में अधिक मलबा आने और सड़क का हिस्सा धंस जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग करीब 16 घंटे तक बंद रहा। इससे बदरीनाथ धाम आने-जाने वाले तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।
राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की टीम ने युद्धस्तर पर मलबा हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने का कार्य किया। लगातार चले अभियान के बाद गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे मार्ग यातायात के लिए खोल दिया गया, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही।
जाम में फंसे राहुल रावत ने बताया कि सुबह से हाईवे बंद होने के कारण वह घंटों रास्ते में फंसे रहे। समय पर घर नहीं पहुंच सके और खाने-पीने तक की दिक्कत झेलनी पड़ी।
बदरीनाथ से कर्णप्रयाग लौट रहे सुमन डिमरी ने कहा कि मार्ग खुलने के बाद भी वाहनों की लंबी कतार के कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान इस मार्ग पर यात्रा करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
प्रशासन ने बताया कि मलबा हटाकर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कर दिया गया है। यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने और यात्रा से पहले सड़क की ताजा जानकारी लेने की अपील की गई है।
