
संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलते ही चमोली में उत्साह, कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर
संजय कुंवर
ज्योर्तिमठ/चमोली। चमोली जिले के जोशीमठ विकासखंड की युवा नेता सुरभी शाह का सियासी कद एक बार फिर बढ़ा है। उन्हें यूथ कांग्रेस उत्तराखंड का प्रदेश महासचिव बनाए जाने के बाद जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। संगठन में यह बड़ी जिम्मेदारी मिलने को न सिर्फ सुरभी शाह की राजनीतिक सक्रियता का सम्मान माना जा रहा है, बल्कि इसे चमोली जिले की युवा राजनीति के लिए भी अहम उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
सुरभी शाह लंबे समय से संगठन और जनसरोकारों के मुद्दों पर सक्रिय रही हैं। युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़, जमीनी सक्रियता और पार्टी कार्यक्रमों में निरंतर भागीदारी ने उन्हें संगठन में अलग पहचान दिलाई है। अब प्रदेश महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर उनकी ताजपोशी ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस संगठन युवा चेहरों को आगे बढ़ाने की रणनीति पर गंभीरता से काम कर रहा है।
राजनीतिक हलकों में भी सुरभी शाह की इस नियुक्ति को आने वाले समय की बड़ी तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनकी सक्रिय भूमिका से न सिर्फ संगठनात्मक ढांचा मजबूत होगा, बल्कि युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को भी नया विस्तार मिलेगा।
कड़ी मेहनत और संघर्ष का मिला सियासी इनाम
सुरभी शाह को मिली यह जिम्मेदारी उनके लगातार संघर्ष, जनता के बीच सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है। कांग्रेस से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने हर स्तर पर पार्टी के लिए काम किया और युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाया। यही कारण है कि संगठन ने उन पर भरोसा जताते हुए प्रदेश स्तर की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
उनकी नियुक्ति को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। कई कार्यकर्ताओं ने इसे “जोशीमठ की बेटी का प्रदेश राजनीति में बढ़ता प्रभाव” बताते हुए खुशी जताई।
लखपत बुटोला, अनुप नेगी सहित कई नेताओं ने दी बधाई
सुरभी शाह के प्रदेश महासचिव बनने पर बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जोशीमठ ब्लॉक प्रमुख अनुप नेगी सहित कई यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नेताओं ने कहा कि सुरभी शाह के नेतृत्व और सक्रियता से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और वह देवभूमि के युवाओं, महिलाओं और आमजन के मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाएंगी। साथ ही उम्मीद जताई गई कि वह संगठन को गांव-गांव तक और अधिक सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
महिला और युवा नेतृत्व को मिलेगा नया बल
सुरभी शाह की नियुक्ति को जिले में महिला और युवा नेतृत्व के उभार के रूप में भी देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे न केवल युवा कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को भी मजबूत संदेश जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि चमोली जैसे पर्वतीय जिले से एक युवा महिला नेता का प्रदेश स्तर पर मजबूत दायित्व संभालना आने वाले समय में संगठन के लिए बड़ा सकारात्मक संकेत है।
