जसपाल नेगी पौड़ी। श्रावण मास में आयोजित होने वाली श्री नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा और मेले की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने शनिवार को लक्ष्मणझूला से श्री नीलकंठ महादेव मंदिर तक पूरे यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने गरुड़चट्टी, फूलचट्टी, रत्तापानी, पीपलकोटी, जिला परिषद बैरियर और टैक्सी यूनियन बैरियर सहित प्रमुख पड़ावों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, पैदल और वाहन मार्गों के पृथक्करण, आपातकालीन निकासी मार्ग, पेयजल, शौचालय और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने नियंत्रण कक्षों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने, फायर सर्विस और आपदा प्रबंधन इकाइयों को अलर्ट मोड में रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। साथ ही स्थानीय नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्गों और सूचना प्रणाली को समय रहते लागू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक अनुप काला, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार, क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
