केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रोजगार और आजीविका सुरक्षित रखने की मांग, अधिकारियों को स्थानीय हितों का ध्यान रखने के निर्देश
लक्ष्मण नेगी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर वर्षों से स्वरोजगार कर रहे स्थानीय लोगों के हितों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय नागरिकों के रोजगार और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

विधायक ने मुख्यमंत्री से कहा कि केदारनाथ यात्रा से क्षेत्र के हजारों लोगों की आजीविका लंबे समय से जुड़ी है। घोड़ा-खच्चर संचालन, दुकान, ढाबा, प्रसाद, स्थानीय उत्पाद और अन्य स्वरोजगार के माध्यम से स्थानीय परिवार अपनी आजीविका चलाते हैं। ऐसे में यात्रा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करते समय स्थानीय लोगों के पारंपरिक रोजगार और हितों का भी ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित और बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर स्वरोजगार कर रहे स्थानीय नागरिकों के रोजगार, सम्मान और आजीविका की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि यात्रा से जुड़े निर्णयों में स्थानीय हितों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि किसी भी स्थानीय परिवार की आजीविका प्रभावित न हो।
विधायक ने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को भी स्थानीय नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा से जुड़े स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में आवश्यक स्तर पर पहल की जाएगी।
