नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने किया उद्घाटन, नगर के सौंदर्यीकरण को मिली नई सौगात
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। नगर पंचायत ऊखीमठ के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए भारत सेवाश्रम तिराहे पर नव निर्मित ऊषा अनिरुद्ध पार्क का उद्घाटन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने विधिवत पार्क का उद्घाटन किया। पार्क बनने से तिराहे का स्वरूप निखरने के साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को एक सुंदर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हुआ है।

नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण और उन्हें आकर्षक स्वरूप देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऊषा अनिरुद्ध पार्क नगर की सुंदरता बढ़ाने के साथ स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
सभासद सरला रावत ने कहा कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण ऊखीमठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में नगर के प्रवेश मार्गों, तिराहों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण जरूरी है। पार्क के निर्माण से क्षेत्र को हरित और आकर्षक वातावरण मिलेगा।

पार्क के उद्घाटन पर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। लोगों ने नगर पंचायत के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों के विकास से नगर का स्वरूप बेहतर होगा।
अधिशासी अधिकारी सुनील वर्मा ने कहा कि नगर पंचायत की ओर से अन्य प्रमुख स्थलों को भी बेहतर स्वरूप देने और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
इस मौके पर सभासद प्रदीप धर्म्वाण, बलवीर पंवार, मीरा देवी, दर्शन नेगी, बबीता भट्ट, वीरेंद्र धर्म्वाण, परमवीर राणा, दलवीर रावत, महेंद्र रावत, राजवर्धन सहित नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

