
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में उत्तराखंड फिल्म विकास काउंसिल के सहयोग से हैम्प्स संस्था की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फिल्म मंथन उत्तराखंड-2026 का शुभारंभ सोमवार को हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी विशिष्ट अतिथि रहे।

मुख्य अतिथि एसपी निहारिका तोमर ने कहा कि उत्तराखंड में विश्वस्तरीय सिनेमा बनाने की अपार संभावनाएं हैं। यहां की लोककथाएं, संस्कृति और लोकजीवन फिल्म निर्माण के लिए समृद्ध विषय हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को इन विषयों पर गंभीरता से काम करना चाहिए, ताकि उत्तराखंड देश-दुनिया में फिल्म निर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में पहचान बना सके। उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त भोटिया भाषा की लघु फिल्म ‘पाताल ती’ की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी फिल्म में वह उसके क्राफ्ट और सिनेमेटोग्राफी को विशेष रूप से देखती हैं।
उत्सव के पहले दिन राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त लघु फिल्म पाताल ती, राहुल रावत निर्मित गढ़वाली फिल्म सुनपट, जापानी फिल्में द ब्लैक हेयर, फॉक्स वेडिंग, होइची-द इयरलेस तथा वरिष्ठ रंगकर्मी शिरीष डोभाल की वर्ष 1987 की नंदा देवी राजजात पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। सभी फिल्मों के प्रदर्शन के बाद दर्शकों के साथ संवाद और चर्चा भी हुई।
साहित्य के छात्र कार्तिक अग्रवाल ने तेज और धीमी गति की फिल्मों को लेकर सवाल पूछा। इस पर पाताल ती के निर्देशक संतोष रावत ने कहा कि जो समाज प्रकृति के अधिक निकट होता है, उसके जीवन और अभिव्यक्ति में स्वाभाविक ठहराव दिखाई देता है। शिक्षिका राज्यश्री भंडारी ने फिल्मों के समाज पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सवाल रखे।
राष्ट्रीय नाट्य अकादमी से सम्मानित रंगकर्मी डॉ. राकेश भट्ट ने उत्तराखंड की फिल्मों की गुणवत्ता पर चिंता जताते हुए कहा कि भाषा और संस्कृति के नाम पर स्तरहीन फिल्म निर्माण से बचना होगा। वरिष्ठ रंगकर्मी शिरीष डोभाल ने कहा कि युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण लेकर बेहतर सिनेमा के निर्माण की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। इसके लिए सरकार को भी एफटीआईआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को आर्थिक सहयोग देना चाहिए।
कार्यक्रम में साहित्यकार ओमप्रकाश सेमवाल, डॉ. राकेश भट्ट, पाताल ती के मुख्य कलाकार आयुष रावत और सिनेमेटोग्राफर बिट्टू रावत को हैम्प्स संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्नेहा राणा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में साहित्यकार, रंगकर्मी, कलाकार, छात्र-छात्राएं और स्वयंसेवक मौजूद रहे।
