
पनाई में शिवालय व मकान प्रभावित, खेतों में खड़ी फसलें भी बर्बाद; गौचर-कांडा-सिंदरवाणी मार्ग पर भी मलबा
केएस असवाल गौचर (चमोली) : बीती रात हुई मूसलधार बारिश से गौचर नगर क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तेज बारिश के साथ आए मलबे ने पनाई में शिवालय और एक मकान को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं मुख्य बाजार और डाटपुल क्षेत्र में कई घरों व दुकानों में पानी और मलबा घुसने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। कई जगह पानी और मलबा घरों व दुकानों तक पहुंचने से लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश थमने के बाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमंत चौहान, अवर अभियंता राजीव चौहान और रोशन पुंडीर ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के बाद पीडब्ल्यूडी की जेसीबी और स्वच्छता मित्रों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कराया।
मलबे से मार्ग हुआ बाधित
भारी बारिश के चलते गौचर-कांडा-सिंदरवाणी मोटर मार्ग पर भी कई स्थानों पर मलबा आ गया। इससे मार्ग बाधित होने के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने मार्ग को जल्द सुचारू कराने की मांग की है।
मुख्य बाजार में जलभराव से परेशानी
मुख्य बाजार की सड़कों पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भरने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। वाहनों के गुजरने पर गड्ढों में जमा कीचड़ और गंदा पानी राहगीरों पर उछलता रहा।
व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को ज्ञापन सौंपकर बाजार की सड़कों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने सड़कों की शीघ्र मरम्मत के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।
