जनजागरण रैली निकालकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ज्योतिर्मठ, संजय कुंवर। हरेला पर्व के शुभ अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ के एनएसएस यूनिट और एनसीसी कैडेट्स ने रविग्राम वन पंचायत भूमि (गैस गोदाम के निकट) में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्राओं ने विद्यालय परिसर से पौधरोपण स्थल तक पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जनजागरण रैली भी निकाली।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद चमोला ने हरेला पर्व के सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण को जीवन का संकल्प बनाने का आह्वान किया। एनसीसी एएनओ कैप्टन भारत भंडारी ने वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका की जानकारी दी, जबकि एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश पवार ने जनजागरण रैली के उद्देश्य और समाज में पर्यावरण चेतना फैलाने की आवश्यकता पर विचार रखे।

वन विभाग के सहयोग से आयोजित पौधरोपण अभियान में बांझ, पदम, देवदार और मोरपंखी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। छात्राओं ने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के आचार्य हरेंद्र सिंह नेगी, प्रदीप पुरुषोत्तम, चंद्रकला परमार, संगीता नेगी, आशुतोष डोभाल, नितिन भट्ट, मनोज बुटोला, आरती नेगी, सलोनी, करिश्मा सहित 100 से अधिक छात्राएं मौजूद रहीं।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि 16 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक हरेला सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण विषय पर चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं 20 अगस्त को आयोजित भव्य समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
