
नव नियुक्त एलटी शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
केएस असवाल
गौचर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली, गौचर में नव नियुक्त एलटी ग्रेड शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रेरण एवं अभिमुखीकरण प्रशिक्षण शुरू हो गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत ने प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। खंड शिक्षा अधिकारी कर्णप्रयाग अनीनाथ ने भी शिक्षकों को संबोधित किया।
प्रशिक्षण समन्वयक बचन जितेला ने बताया कि प्रशिक्षण में नव नियुक्त शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पाठ्यचर्या, शिक्षण पद्धति, आकलन, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षक की भूमिका की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा कक्षा प्रबंधन, समावेशी शिक्षा, विद्यालय सुरक्षा, डिजिटल प्लेटफॉर्म, अभिभावक सहभागिता और तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर भी सत्र होंगे।
उद्घाटन अवसर पर डायट के वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी सहित अन्य अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। संचालन प्रशिक्षण समन्वयक बचन जितेला ने किया।
