पत्थरों की भराई के बाद सीमेंट का घोल डालकर मजबूती दिखाने का आरोप
गिरीश चंदोला थराली। थराली-देवाल मोटर मार्ग पर थराली तिराहे के पास लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे प्लम निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पत्थरों की भराई के बाद ऊपर से सीमेंट और कंक्रीट का घोल डालकर निर्माण को मजबूत दिखाने का प्रयास किया जा रहा है।
सड़क के निचले हिस्से में सुरक्षा दीवार बनाने का उद्देश्य कटाव रोकना और सड़क को सुरक्षित रखना है। ऐसे में निर्माण में लापरवाही से भविष्य में सड़क को नुकसान पहुंचने की आशंका है। निर्माण के दौरान सड़क पर मिट्टी और पत्थर आने से भी आवाजाही प्रभावित होने के सवाल उठ रहे हैं।
अब सवाल है कि क्या निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हो रहा है और विभागीय अभियंता इसकी नियमित निगरानी कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग की जांच के बाद ही निर्माण की गुणवत्ता और संभावित खामियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
