विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, गौचर में संगठन विस्तार
केएस असवाल गौचर : आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को धार देना शुरू कर दिया है। सोमवार को गौचर में आयोजित बैठक में नगर कांग्रेस कमेटी का विस्तार करते हुए जगदीश कनवासी को दोबारा नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। पूरण सिंह नेगी और भरत सिंह नेगी को उपाध्यक्ष बनाया गया।

पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कर्णप्रयाग विधानसभा से कांग्रेस के संभावित दावेदार मुकेश नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि पार्टी कर्णप्रयाग सीट से जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, उसे जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा।
मुकेश नेगी ने कहा कि किसी भी चुनाव में मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव कभी भी घोषित हो सकते हैं, इसलिए सभी को पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना होगा।
बैठक में अनीता चौहान को महिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी दोबारा सौंपी गई। नरेंद्र बिष्ट, मनोज नेगी, पूनम रावत और ममता देवी को महामंत्री, जबकि महेश चंद्र, हिमांशु चौधरी, राजकुमार और कांता देवी को सचिव बनाया गया। राकेश शैली को कोषाध्यक्ष, गौरव कपूर और ताजबर कनवासी को प्रवक्ता तथा जीत सिंह बिष्ट को संरक्षक नियुक्त किया गया। शिवलाल भारती और प्रकाश चौधरी भी रहे उपस्थित।
बैठक के दौरान कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। नेताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य रखा गया है।
