
बेडुला स्कूल में गढ़भोज दिवस, बच्चों ने चखे पहाड़ी व्यंजनों के स्वाद
गिरीश चंदोला
नारायणबगड़। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेडुला में गढ़भोज दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में पहाड़ी पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू बिखरी रही। विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया।
गढ़भोज में मालू के पत्तों पर भड्डू की दाल, काफली, फाणू, चौंसा, लाल चावल, कोदे की रोटी, कोदे की बाड़ी और झंगोरे की खीर परोसी गई। बच्चों को स्थानीय अनाज और पारंपरिक खान-पान के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई।
ग्राम प्रधान उर्मिला देवी कंडारी ने कहा कि गढ़भोज दिवस का उद्देश्य नई पीढ़ी को पारंपरिक खान-पान और संस्कृति से जोड़ना है। प्रधानाध्यापिका अनिता चंद्रवाल ने कहा कि स्थानीय अनाज और पारंपरिक खाद्य पदार्थ पौष्टिक होने के साथ हमारी संस्कृति की पहचान भी हैं।
इस मौके पर एसएमसी अध्यक्ष ऊषा नैनवाल, सुशीला देवी, मनोरमा देवी सहित विद्यार्थी, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।
