चमोली : बदरीनाथ धाम में आईटीबीपी ने लगाया निशुल्क चिकित्सा शिविर, श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को मिली राहत

Team PahadRaftar

बदरीनाथ धाम में आईटीबीपी ने लगाया निशुल्क चिकित्सा शिविर, श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को मिली राहत

संजय कुंवर बदरीनाथ : श्री बदरीनाथ धाम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 23वीं वाहिनी की ओर से एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, व्यापारी, साधु-संत, दंडी-कंडी मजदूर और श्रद्धालु पहुंचे तथा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

जीएमवीएन गेस्ट हाउस चौक के समीप आयोजित शिविर में चिकित्सकों की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

ऊंचाई वाले क्षेत्र में आयोजित इस शिविर से लोगों को काफी राहत मिली। स्थानीय लोगों ने आईटीबीपी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा सीजन में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बेहद उपयोगी साबित होते हैं।

आईटीबीपी अधिकारियों ने कहा कि बल सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमांत क्षेत्रों और वाइब्रेंट विलेज में सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहा है। मानव सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

You May Like