
अधिसूचना जारी, 8 से 14 जुलाई तक मिलेंगे नामांकन पत्र
संजय कुंवर गोपेश्वर। जनपद चमोली की ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के सामान्य निर्वाचन-2026 के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिसूचना जारी कर दी है। जिले की 608 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पद के लिए 15 जुलाई को मतदान कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 से 14 जुलाई तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, निर्वाचन दिवस 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक भी संबंधित ग्राम पंचायत में नामांकन पत्र प्राप्त किए जा सकेंगे।
15 जुलाई को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी, जबकि 12:30 बजे से 1 बजे तक चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान होगा और शाम 4 बजे से मतगणना के साथ परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पंचायती राज (सदस्यों, प्रधानों और उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली-1994, जो उत्तराखंड में यथावत लागू है, तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।
विकासखंडवार निर्वाचन क्षेत्रों की सूची भी जारी कर दी गई है। इसके तहत ज्योतिर्मठ में 58, दशोली में 67, नंदानगर (घाट) में 54, कर्णप्रयाग में 94, पोखरी में 73, गैरसैंण में 95, नारायणबगड़ में 75, थराली में 46 तथा देवाल में 46 उप प्रधान पदों के लिए चुनाव होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन से संबंधित जानकारी संबंधित विकासखंड कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

