पौड़ी : जनसेवा शिविर में 128 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, मौके पर निस्तारित हुईं शिकायतें

Team PahadRaftar

जनसेवा शिविर में 128 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, मौके पर निस्तारित हुईं शिकायतें

जसपाल नेगी कोटद्वार/पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड दुगड्डा स्थित जिला उद्योग केंद्र सभागार में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही छत के नीचे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराते हुए 128 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

शिविर में पहुंचे लोगों की शिकायतों और आवेदनों पर संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। स्वास्थ्य परीक्षण, प्रमाण-पत्र वितरण, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी, रोजगार पंजीकरण, निःशुल्क औषधि वितरण तथा कृषि संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविर शासन और जनता के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के जरिए पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 19 जुलाई तक आयोजित होने वाले सभी शिविरों में अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है। महिलाओं, किसानों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का लाभ लगातार बढ़ रहा है।

शिविर में उद्योग विभाग ने 50 लाभार्थियों को ऋण वितरण समायोजन पत्र, यूडीवाईएम प्रमाण-पत्र तथा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने 30 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर प्रमाण-पत्र जारी किए। ग्राम्य विकास विभाग ने 10 युवाओं के रोजगार आवेदन भरवाए, जबकि आयुर्वेद विभाग ने 10 लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां वितरित कीं। समाज कल्याण विभाग ने पांच लोगों को वृद्धावस्था पेंशन योजना की जानकारी दी। बाल विकास विभाग ने तीन पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की, वहीं उद्यान विभाग ने 20 लाभार्थियों को सब्जी के बीज उपलब्ध कराए।

इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. डॉ. राजेंद्र अण्थवाल, सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, महापौर शैलेंद्र रावत, भाजपा प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, नगर आयुक्त पी.एल. शाह, उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : केदारघाटी में आफत बनी बारिश, मंदाकिनी समेत सहायक नदियां उफान पर

लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित, भूस्खलन का खतरा बढ़ा, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान गिरा लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। केदार घाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मंदाकिनी नदी समेत घाटी की सभी सहायक नदियां और गदेरे उफान पर हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों […]

You May Like