तपोवन विष्णुगाड़ परियोजना में बड़ी सफलता, हेड रेस टनल का हुआ ब्रेकथ्रू
12.1 किमी लंबी सुरंग में 9.7 किमी खुदाई पूरी, अब शुरू होगा टनल लाइनिंग का कार्य
संजय कुंवर चमोली। एनटीपीसी की 520 मेगावाट तपोवन विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना ने मंगलवार को हेड रेस टनल (एचआरटी) के सफल ब्रेकथ्रू के साथ निर्माण कार्य में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। फेस-02 और फेस-03 से बनाई जा रही सुरंगों का सटीक मिलान होने से दोनों हिस्से आपस में जुड़ गए।
परियोजना प्रबंधन के अनुसार, फेस-02 से 1,748 मीटर और फेस-03 से 981 मीटर सुरंग की खुदाई के बाद यह ब्रेकथ्रू संभव हुआ। इसे परियोजना के सबसे जटिल और अहम चरणों में शामिल माना जा रहा है।
इस उपलब्धि के साथ 12.1 किलोमीटर लंबी हेड रेस टनल में अब तक 9.7 किलोमीटर खुदाई पूरी हो चुकी है। यानी कुल सुरंग का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। हिमालयी क्षेत्र की कठिन भू-वैज्ञानिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण निर्माण हालात के बावजूद अभियंताओं और श्रमिकों ने तकनीकी दक्षता तथा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यह सफलता हासिल की।
ब्रेकथ्रू के मौके पर एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निर्माण एजेंसी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (एचसीसी) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरी टीम के समर्पण, तकनीकी उत्कृष्टता और सुरक्षित कार्य निष्पादन की सराहना की।
अब हेड रेस टनल में लाइनिंग का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे परियोजना के निर्माण को और गति मिलेगी।
परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अजय कुमार शुक्ला ने सभी अधिकारियों, अभियंताओं, कर्मचारियों और सहयोगी एजेंसियों को बधाई देते हुए कहा कि एनटीपीसी सुरक्षा, गुणवत्ता और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों के साथ परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य बिंदु
- 520 मेगावाट की तपोवन विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना को मिली बड़ी सफलता।
- हेड रेस टनल के फेस-02 और फेस-03 का सफल ब्रेकथ्रू।
- 12.1 किमी में से 9.7 किमी सुरंग की खुदाई पूरी।
- अब टनल लाइनिंग का कार्य होगा शुरू।
- परियोजना से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगा बल।

