जनसमस्याओं को लेकर देवाल में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका
सड़क, स्वास्थ्य और तहसील संचालन सहित कई मांगें उठाईं
गिरीश चंदोला देवाल (चमोली)। पिंडर घाटी की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देवाल में जन आक्रोश रैली निकालकर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंककर क्षेत्रीय उपेक्षा का आरोप लगाया और विभिन्न मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमल गड़िया के नेतृत्व में कार्यकर्ता टैक्सी स्टैंड से रैली निकालते हुए मुख्य बाजार, एसबीआई बाजार और एटीएम बाजार होते हुए बस स्टेशन पहुंचे। इस दौरान ग्वालदम-नंदकेशरी-देवाल-वांण मोटर मार्ग को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को सौंपने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल का उच्चीकरण, देवाल में तहसील संचालन शुरू करने और क्षेत्र की जर्जर सड़कों के सुधारीकरण की मांग को लेकर नारेबाजी की गई।
बस स्टेशन पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि पिंडर घाटी की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं और युवाओं की अनदेखी तथा शराब और खनन माफियाओं को संरक्षण देने के आरोप लगाए। अयोध्या और बदरीनाथ धाम के चढ़ावे से जुड़े कथित मामलों का भी उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में पूर्व पीसीसी सदस्य महावीर बिष्ट, पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण बिष्ट, गोपाल दत्त कुनियाल, गोविंद पांगती, महेश त्रिकोटी, संदीप कुमार पटवाल, दीपक गड़िया, राजा चौहान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

