नंदानगर : कनोल-सितेल मोटर मार्ग के डामरीकरण में धांधली का आरोप, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Team PahadRaftar

कनोल-सितेल मोटर मार्ग के डामरीकरण में धांधली का आरोप, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

संवाददाता, गोपेश्वर : नंदानगर घाट क्षेत्र को जोड़ने वाले कनोल-सितेल मोटर मार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी के आरोप लगने लगे हैं। ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग और ठेकेदार पर मानकों को ताक पर रखकर कार्य करने का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों के इंतजार के बाद क्षेत्र को सड़क सुविधा मिल रही है, लेकिन निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही से सड़क के जल्द खराब होने की आशंका है।

युवा मंगल दल कनोल के अध्यक्ष कुंवर सिंह नेगी ने बताया कि ग्रामीण कई बार कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को निर्माण कार्य में सुधार लाने की चेतावनी दे चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्य की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि डामरीकरण कार्य पूरी तरह मानकों के विपरीत किया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य ठप कर उग्र आंदोलन शुरू करेंगे।

इधर, सड़क निर्माण में धांधली की शिकायत लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर कनोल-सितेल मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्यों की तकनीकी जांच कराने की मांग की।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर तकनीकी टीम से जांच कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई गई तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस दौरान ग्राम प्रधान पूजा देवी, युवक मंगल दल अध्यक्ष कुंवर सिंह नेगी, कंचन सिंह, दिलीप सिंह नेगी, हीरा सिंह और भारत सिंह नेगी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like