थराली : नम आंखों से मां नंदा को दी विदाई, जयकारों से गूंज उठा वाण

Team PahadRaftar

गैरोली पातल होते हुए वेदनी रवाना हुई बड़ी जात, डोली के आगे बढ़ते ही भावुक हुए ग्रामीण

थराली/देवाल। मां नंदा की बड़ी जात के वाण से विदा होने का दृश्य गुरुवार को हर किसी को भावुक कर गया। जिस डोली के स्वागत में वाण में आस्था का सैलाब उमड़ा था, उसी डोली को अगले पड़ाव के लिए विदा करते समय ग्रामीणों की आंखें नम थीं। हाथ जुड़े थे, सिर श्रद्धा से झुके थे और कंठ से लगातार मां नंदा के जयकारे निकल रहे थे। जागर और मांगल गीतों के बीच मां नंदा की डोली गैरोली पातल होते हुए वेदनी की ओर बढ़ गई।

डोली के आगे बढ़ते ही वाण की गलियां और पहाड़ी रास्ते जयकारों से गूंज उठे। महिलाएं मंगल गीत गाती रहीं तो ग्रामीण और श्रद्धालु मां नंदा का आशीर्वाद लेने के लिए डोली के पीछे चलते रहे। किसी ने हाथ जोड़कर विदाई दी तो किसी ने डोली के दर्शन कर मनौती मांगी। लंबे समय से चली आ रही लोक परंपरा और मां नंदा से जुड़ा भावनात्मक रिश्ता इस विदाई में साफ दिखाई दिया।

बड़ी जात में 40 से अधिक छंतोलियां, सैकड़ों देव निशान और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन के बीच श्रद्धालु जागर और मांगल गीत गाते हुए दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर आगे बढ़ते रहे। कठिन चढ़ाई और मौसम की चुनौती भी श्रद्धालुओं की आस्था के आगे छोटी नजर आई।

डीएम ने की पूजा, मांगी सुख-समृद्धि

डोली के प्रस्थान से पहले जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां नंदा का आशीर्वाद लेकर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच डोली को अगले पड़ाव के लिए विदा किया गया।

डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं

बड़ी जात के प्रस्थान से पहले जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने वाण पहुंचकर यात्रा पड़ाव और मार्ग पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आगामी पड़ावों पर भी पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वाण से गैरोली पातल होते हुए वेदनी की ओर बढ़ती डोली के साथ श्रद्धालुओं का कारवां भी आगे बढ़ता रहा। पीछे रह गए वाणवासी देर तक उस दिशा में देखते रहे, जिस ओर मां नंदा की डोली ओझल हो रही थी।

इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जनप्रतिनिधि, वाणवासी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like