ऊखीमठ : द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दो दिनों में 2200 पार पहुंचे श्रद्धालु

Team PahadRaftar

द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दो दिनों में 2200 पार पहुंचे श्रद्धालु

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। द्वितीय केदार के रूप में विश्व विख्यात भगवान मद्महेश्वर धाम में कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। बाबा मद्महेश्वर के दर्शनों के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में धाम पहुंच रहे हैं। मात्र दो दिनों में ही तीर्थ यात्रियों का आंकड़ा 2200 के पार पहुंच गया है। यात्रियों की बढ़ती आवाजाही से मद्महेश्वर घाटी सहित यात्रा पड़ावों पर एक बार फिर रौनक लौट आयी है।

मद्महेश्वर यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। रांसी, गौंडार, बंतोली और नानूं जैसे प्रमुख पड़ावों में यात्रियों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। स्थानीय होटल व्यवसायियों, दुकानदारों, घोड़ा-खच्चर संचालकों और होम-स्टे संचालकों के चेहरे भी खिल उठे हैं। यात्रा शुरू होने से क्षेत्रीय आर्थिकी को नई संजीवनी मिलने लगी है।

श्रद्धालु सुबह तड़के रांसी से 16 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा शुरू कर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर घाटियों, घने जंगलों और कल-कल बहती जलधाराओं के बीच बाबा मद्महेश्वर धाम पहुंच रहे हैं। कठिन चढ़ाई के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है। धाम पहुंचकर श्रद्धालु भगवान मद्महेश्वर के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।

धाम में सुबह से देर शाम तक पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी है। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा मद्महेश्वर” के जयघोषों से गूंजायमान बना हुआ है।

बदरी-केदार मंदिर समिति के पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत ने कहा कि मद्महेश्वर यात्रा क्षेत्र की आर्थिकी की रीढ़ है। यात्रा शुरू होने से सीमांत गांवों में फिर से रौनक लौटने लगी है। उन्होंने सरकार से यात्रा मार्गों के सुदृढ़ीकरण और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग भी की।

देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि हिमालय की गोद में स्थित बाबा मद्महेश्वर धाम का आध्यात्मिक अनुभव अविस्मरणीय है। श्रद्धा, भक्ति और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम श्रद्धालुओं को बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित कर रहा है।

Leave a Reply

Next Post

नंदानगर : कनोल-सितेल मोटर मार्ग के डामरीकरण में धांधली का आरोप, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

कनोल-सितेल मोटर मार्ग के डामरीकरण में धांधली का आरोप, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी संवाददाता, गोपेश्वर : नंदानगर घाट क्षेत्र को जोड़ने वाले कनोल-सितेल मोटर मार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी के आरोप लगने लगे हैं। ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग और ठेकेदार पर […]

You May Like