डायट चमोली की ‘जनपद के बढ़ते कदम’ पहल, पहले चरण में 31 विद्यालय चयनित
गौचर (चमोली)। के.एस. असवाल। सरकारी विद्यालयों में हो रहे नवाचार और बेहतर कार्यों को पहचान दिलाने के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली ने ‘शिक्षा के क्षेत्र में जनपद चमोली के बढ़ते कदम’ श्रृंखला शुरू की है। इसके तहत चयनित विद्यालयों के नवाचार और उपलब्धियों को डायट के आधिकारिक फेसबुक पेज पर प्रस्तुत किया जा रहा है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल में शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विद्यालयों को शामिल किया जा रहा है। 100 विद्यालयों को जोड़ने के लक्ष्य के तहत पहले चरण में देवाल, थराली और नारायणबगड़ के 31 विद्यालय चयनित किए गए हैं।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कमलेश कुमार मिश्र ने बताया कि पहल का उद्देश्य एक विद्यालय के अच्छे प्रयोग और नवाचार को दूसरे विद्यालयों तक पहुंचाना है, ताकि विद्यालय आपसी सीख के माध्यम से अपने शैक्षिक कार्यों में नए प्रयोग कर सकें। अक्टूबर में दशोली, पोखरी और कर्णप्रयाग के विद्यालयों को भी श्रृंखला से जोड़ा जाएगा।

