
समाजसेवियों व स्वयंसेवकों के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था
लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ : श्री ओंकारेश्वर भंडारा समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशाल भंडारे का गुरुवार को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ शुभारंभ हो गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष बगवाड़ी ने भगवान ओंकारेश्वर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भंडारे का शुभारंभ किया। पहले ही दिन हजारों शिवभक्तों, स्थानीय श्रद्धालुओं और दूर-दराज से पहुंचे यात्रियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष बगवाड़ी ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
भंडारा समिति के अध्यक्ष सौरभ भट्ट ने बताया कि सात दिनों तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई है। सभी श्रद्धालुओं का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जा रहा है तथा स्वच्छता और सुव्यवस्थित भोजन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समिति के उपाध्यक्ष अनुभव रावत ने बताया कि भंडारे के सफल संचालन में क्षेत्र के समाजसेवी, व्यापारी, युवा स्वयंसेवक तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। भोजन निर्माण, प्रसाद वितरण, पेयजल, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी स्वयंसेवक पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।
महामंत्री आशीष तिवारी ने प्रधान फापंज आशा नेगी, पूर्व प्रधान प्रकाश रावत, पूर्व सभासद बलवंत रावत, वन पंचायत सरपंच पवन राणा सहित सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही ऐसे धार्मिक एवं सेवा कार्य सफल हो पाते हैं।
भंडारे में शामिल श्रद्धालुओं ने समिति की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रसाद वितरण सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से किया जा रहा है। समिति ने श्रद्धालुओं से सात दिवसीय भंडारे में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त करने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
