
गैरसैंण, गिरीश चंदोला संवाददाता। सड़क निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले बिटुमेन (कोलतार) के ड्रम चोरी करने के मामले का गैरसैंण पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीन बिटुमेन ड्रम भी बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कोतवाली गैरसैंण में महेंद्र सिंह निवासी ग्राम थैंग, तहसील ज्योतिर्मठ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग के अंतर्गत मलगुड-मज्याड़ी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य के दौरान 30 मई की रात निर्माण स्थल से 20 बिटुमेन ड्रम चोरी हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने मामले की जांच तेज की। स्थानीय सूचनाओं और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 10 जून को मोहतसिम पुत्र इरशाद निवासी छतौली मुगल, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए तीन बिटुमेन ड्रम बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ रही है। शेष चोरीशुदा ड्रमों की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक अनिल आगरी, हेड कांस्टेबल राकेश सिंह और कांस्टेबल राकेश कोहली शामिल रहे।

