
चेपड़ो में एसपी ने पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ, एसडीआरएफ और पर्वतारोही पुलिस दल भी संभालेंगे मोर्चा
गिरीश चंदोला थराली। मां नंदा की लोकजात और बड़ी जात यात्रा को लेकर चमोली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। बारिश के मौसम में दुर्गम पैदल रास्तों और विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा मार्ग को एक जोन और चार सेक्टरों में बांटा गया है। संवेदनशील स्थानों पर एसडीआरएफ और पर्वतारोही पुलिस दल की तैनाती की गई है।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चेपड़ो मैदान में यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया। उन्होंने अधिकारियों और जवानों को मौसम तथा यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। कहा कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर रास्ते फिसलन भरे हो जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए थराली क्षेत्र में पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। इनमें पूर्व में नंदा यात्रा में ड्यूटी कर चुके पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। वहीं, दुर्गम और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ के जवानों और पर्वतारोही पुलिस दल को तैनात किया गया है।
फिसलन भरे रास्तों पर रहेगी विशेष नजर
एसपी ने कहा कि मां नंदा की जात यात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है। इस समय बारिश के कारण यात्रा मार्ग की परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं। कई जगह कठिन चढ़ाई-उतराई और फिसलन है। ऐसे में पुलिस की प्राथमिकता यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने जवानों से श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने और जोखिम वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस, एसडीआरएफ और पर्वतारोही दल के समन्वय से यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, ताकि श्रद्धालु कठिन पहाड़ी रास्तों को सुरक्षित पार कर सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

