गौचर : घर में घुसकर बंदर ने पूर्व प्रधान पर किया हमला, कई टांके लगे

Team PahadRaftar

कर्णप्रयाग अस्पताल में भर्ती, बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में आक्रोश

केएस असवाल 

गौचर/सिदोली। सिदोली ग्राम सभा की पूर्व प्रधान सोनी केडियाल पर सोमवार शाम घर में घुसे बंदर ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल कर्णप्रयाग लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान कई टांके लगाए। घटना के बाद क्षेत्र में बंदरों के आतंक को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।

बताया गया कि शाम के समय एक बंदर अचानक घर के अंदर घुस आया और सोनी केडियाल पर झपट पड़ा। हमले में वह लहूलुहान हो गईं। परिजनों के शोर मचाने पर बंदर वहां से भाग गया। इसके बाद परिजन घायल पूर्व प्रधान को उपचार के लिए कर्णप्रयाग अस्पताल ले गए।

लंबे समय से बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। बंदर खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही अब घरों में घुसकर लोगों पर हमला करने लगे हैं। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।

बंदरों को पकड़ने की मांग

युवा नेता एवं पूर्व प्रधान पंकज देवली ने घटना पर रोष जताते हुए प्रशासन और वन विभाग से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द अभियान चलाकर हमलावर बंदरों को पकड़ा जाए, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

You May Like