
UK-GAMS की समीक्षा में डीएम ने अधिकारियों को दिए नियमित निगरानी के निर्देश
गोपेश्वर। सरकारी भूमि और परिसंपत्तियों पर अतिक्रमण रोकने के लिए प्रशासन अब निगरानी और तेज करेगा। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को सरकारी संपत्तियों की नियमित मॉनिटरिंग करने और अतिक्रमण या भूमि उपयोग में बदलाव पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला सभागार में UK-GAMS (उत्तराखंड गवर्नमेंट एसेट्स मैनेजमेंट सिस्टम) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि एवं परिसंपत्तियां जनहित से जुड़ी हैं। इनके संरक्षण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने UK-GAMS पोर्टल पर आने वाले प्रत्येक अलर्ट को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर अलर्ट वाली भूमि या परिसंपत्ति का सत्यापन करेंगे और उसकी वास्तविक स्थिति पोर्टल पर दर्ज करेंगे।
डीएम ने कहा कि जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, भूमि उपयोग में परिवर्तन अथवा अन्य अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कार्रवाई का विवरण भी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाए, ताकि सरकारी संपत्तियों का रिकॉर्ड अद्यतन और पारदर्शी बना रहे।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी को पोर्टल पर प्राप्त अलर्ट और उन पर हुई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
