हेमकुंड : गुरुवाणी के बीच दरबार में उतरा मोनल, हेमकुंड साहिब में दिखा आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम

Team PahadRaftar

गुरुवाणी के बीच दरबार में उतरा मोनल, हेमकुंड साहिब में दिखा आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम

संजय कुंवर, हेमकुंड साहिब।

विश्व प्रसिद्ध श्री हेमकुंड साहिब में मंगलवार को प्रातःकालीन दीवान के दौरान एक दुर्लभ और भावुक कर देने वाली घटना देखने को मिली। दरबार साहिब में गुरुवाणी और शबद-कीर्तन चल रहा था तथा संगत पूरी श्रद्धा के साथ गुरु चरणों में लीन थी। इसी दौरान उत्तराखंड का राजकीय पक्षी मोनल उड़कर दरबार साहिब के एक छोर पर आकर शांत भाव से बैठ गया।

अचानक हुए इस दृश्य को देखकर दरबार में मौजूद सेवादार और श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह गए। कुछ देर तक मोनल शांत भाव से वहीं बैठा रहा। श्रद्धालुओं ने इस दुर्लभ क्षण को अपने कैमरों में कैद किया और इसे गुरु महाराज की विशेष मेहर व कृपा का प्रतीक बताया।

मोनल उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाया जाने वाला उत्तराखंड का राजकीय पक्षी है। यह अपने आकर्षक रंगों और बेहद शर्मीले स्वभाव के लिए जाना जाता है। सामान्य परिस्थितियों में यह पक्षी मनुष्यों के इतने करीब बहुत कम दिखाई देता है। ऐसे में दरबार साहिब में उसकी मौजूदगी ने संगत के लिए इस पल को और भी विशेष बना दिया।

श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा मैनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सरदार सेवा सिंह ने बताया कि हेमकुंड साहिब में समय-समय पर ऐसी अद्भुत घटनाएं देखने को मिलती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज की कृपा से ही श्रद्धालुओं को ऐसे दुर्लभ अनुभव प्राप्त होते हैं, जो आस्था को और अधिक मजबूत करते हैं।

हालांकि वन्यजीव विशेषज्ञ इस घटना को मोनल के स्वाभाविक व्यवहार और उसके प्राकृतिक आवास से भी जोड़कर देख सकते हैं, लेकिन संगत के लिए यह घटना गहरी आध्यात्मिक अनुभूति का विषय बन गई। हिमालय की गोद में बसे हेमकुंड साहिब में प्रकृति और आस्था का यह अनूठा संगम पूरे दिन श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : बछेर जनकल्याण शिविर में उमड़े ग्रामीण, 600 से अधिक लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ

22 में से 21 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 281 पात्र लाभार्थियों को मिली सरकारी योजनाओं की सुविधा केएस असवाल गोपेश्वर। सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा के तहत मंगलवार को विकासखंड दशोली के राजकीय इंटर कॉलेज बछेर में आयोजित बहुद्देशीय जनकल्याण शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में […]

You May Like