ज्योति विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी में दिखी विद्यार्थियों की सृजनात्मकता
संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। ज्योति विद्यालय ज्योतिर्मठ में वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच, नवाचार और हस्तकौशल का प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के बनाए मॉडलों ने अभिभावकों और आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने 300 से अधिक प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए, जिनमें से उत्कृष्ट 140 प्रोजेक्टों का अंतिम चरण के लिए चयन किया गया। अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया। उनके प्रोजेक्ट विद्यालय के सभागार में प्रदर्शित किए गए।
विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा, स्वास्थ्य, तकनीक और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर आधारित मॉडल तैयार किए। डिजिटल युग में जहां बच्चों की रचनात्मकता तकनीक तक सीमित होती जा रही है, वहीं विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार मॉडलों के जरिए सृजनात्मकता और नवाचार का परिचय दिया।

विद्यालय के प्रबंधक रेवरेंड फादर जिमी और प्रधानाचार्या रेवरेंड सिस्टर दीप्ति के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शनी में अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अभिभावकों और आगंतुकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्रीमती रश्मि त्यागी मौजूद रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. कविता रावत, सहायक प्राध्यापिका, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्योतिर्मठ ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्टों का मूल्यांकन किया। प्रोजेक्टों का मूल्यांकन वैज्ञानिक अवधारणा, मौलिकता, प्रस्तुतीकरण और रचनात्मकता के आधार पर किया गया।
प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ ही उन्हें नई सोच के साथ कुछ नया करने के लिए प्रेरित किया।
