गोपेश्वर : कारगिल विजय दिवस: चमोली में शहीदों को श्रद्धांजलि, परिजनों और वीर नारियों का सम्मान

Team PahadRaftar

गोपेश्वर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को जिला पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शहीदों के परिजनों, वीर नारियों और कारगिल युद्ध में शामिल पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कारगिल शहीद राइफलमैन सतीश चंद्र सती के पिता महिषानंद सती रहे। समारोह में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, सेना के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि कारगिल के वीर सपूतों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका शौर्य और देशभक्ति हमेशा देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने वीर नारियों के साहस और धैर्य को भी नमन किया।

समारोह में कारगिल युद्ध के शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इनमें शहीद नायक कृपाल सिंह के पुत्र अमित रावत, शहीद राइफलमैन सतीश चंद्र सती के पिता महिषानंद सती, शहीद सिपाही हिम्मत सिंह के भाई अव्वल सिंह, शहीद नायक आनंद सिंह के भाई खुशाल सिंह, शहीद नायक दिलबर सिंह के भतीजे रोहित सिंह और शहीद अमित नेगी के चाचा बलवंत सिंह सहित अन्य परिजन शामिल रहे।

कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों में हवलदार महेंद्र सिंह राणा, सूबेदार भरत सिंह नेगी, हवलदार अवतार सिंह रावत, ऑनरेरी नायब सूबेदार सोहन सिंह रावत, हवलदार बृजपाल सिंह कुंवर और ऑनरेरी कैप्टन दर्शन सिंह बिष्ट सहित अन्य सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य सैन्य अभियानों में शहीद हुए जवानों के परिजनों और वीर नारियों को भी सम्मानित किया गया।

सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कलम सिंह ने कारगिल युद्ध की विजय गाथा और उसके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी।

कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और शौर्य गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को विशेष सराहना मिली।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर के पिंक हॉस्टल ने पहला और रेड हॉस्टल ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, राज्य स्तरीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं से शहीदों के शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर देश सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार, जिला सैनिक परिषद के उपाध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह, एनसीसी कमान अधिकारी कर्नल राजेश रावत, वीर नारियां, पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You May Like