ऊखीमठ : जागतोली-दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन

Team PahadRaftar

लोक गायक दर्शन फर्स्वाण के गीतों पर जमकर झूमे दर्शक, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने की ₹2 लाख सहायता की घोषणा

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ। जागतोली में आयोजित पांच दिवसीय नंदा अष्टमी जागतोली-दशज्यूला महोत्सव का बुधवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम से पहले कैबिनेट मंत्री ने नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज दशज्यूला परिसर में स्थापित शहीद सुनीलदत्त कांडपाल, शहीद वीपी पुरोहित, शहीद राइफलमैन पूरण सिंह नेगी और शहीद नायक धीर सिंह की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मेला समिति अध्यक्ष जयवर्धन कांडपाल ने अतिथियों का स्वागत किया और महोत्सव के आयोजन के लिए सरकार से आर्थिक सहयोग की मांग रखी।

लोक संस्कृति के संरक्षण पर जोर

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मेले लोक संस्कृति और परंपराओं के ध्वजवाहक हैं। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ आपसी भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने से लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-4 में जनपद की 100 से अधिक सड़कों को स्वीकृति मिली है। सरकार का प्रयास गांवों और तोकों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि कोठगी में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द कक्षाएं शुरू होंगी।

कैबिनेट मंत्री ने महिलाओं से अधिक संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने मेला समिति को आयोजन के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले महिला मंगल दलों को सम्मानित किया।

दर्शन फर्स्वाण के गीतों पर झूमे दर्शक

समापन समारोह में लोक गायक दर्शन फर्स्वाण ने मां नंदा के भजनों और लोकगीतों की प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर दर्शक जमकर झूमे। देर तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मेला परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।

इस मौके पर दायित्वधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख अगस्त्यमुनि सविता भंडारी, समाजसेवी नीलकंठ भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र रावत, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह, तहसीलदार जगदीश नेगी, मेला सचिव कालिका कांडपाल, प्रधान संगठन जिला महामंत्री राकेश मोहन बिष्ट, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्तवाल सहित जनप्रतिनिधि, मेला समिति पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : ज्योतिर्मठ में खंडस्तरीय संस्कृत स्पर्धा का शुभारंभ

संस्कृत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर जोर, 24 सितंबर को होंगी वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं ज्योतिर्मठ। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार के तत्वावधान में बुधवार को श्री बदरीनाथ वेद वेदांग संस्कृत उत्तरमध्यमा विद्यालय ज्योतिर्मठ में खंडस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी […]

You May Like