देहरादून : चमोली में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने तेज की पहल

Team PahadRaftar

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी को सौंपा ज्ञापन

देहरादून / चमोली। सीमांत जनपद चमोली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने पहल तेज कर दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट तथा चमोली के प्रभारी मंत्री एवं ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले सीमांत जिले में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। गंभीर बीमारी, सड़क दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय कर ऋषिकेश सहित अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों तक ले जाना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार चमोली से एम्स ऋषिकेश की दूरी करीब 300 किलोमीटर है, जिससे आपात स्थिति में समय पर उपचार मिलना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि चमोली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने में स्थानीय लोग सरकार का सहयोग करने को तैयार हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी मंत्री से चमोली की भौगोलिक परिस्थितियों तथा सीमांत क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल करने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप सिंह रावत, पूर्व प्रमुख एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नंदन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री, पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णमणि थपलियाल, पूर्व बदरी-केदार मंदिर समिति उपाध्यक्ष किशोर सिंह पंवार, पूर्व मंडल अध्यक्ष पोखरी एवं जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता दिगंबर सिंह रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : युवा कवि सतपाल को मिला देवभूमि माटी गौरव सम्मान

युवा कवि सतपाल को मिला देवभूमि माटी गौरव सम्मान क्यूंजा घाटी में खुशी की लहर, काव्य लेखन के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला सम्मान लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। क्यूंजा घाटी के युवा कवि एवं लेखक सतपाल को काव्य लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान के लिए ‘देवभूमि माटी गौरव […]

You May Like