
ज्योतिर्मठ में दिखा देशभक्ति का जज्बा, प्रभात फेरी में रम्माण और नंदा राजजात की झांकी ने मोहा मन
संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को सीमांत नगर ज्योतिर्मठ देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। नगर में आयोजित प्रभात फेरी में देश की अनेकता में एकता, सांस्कृतिक विविधता और विकसित भारत की झलक देखने को मिली। स्कूली बच्चों के हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता के जयकारे रहे। पारंपरिक ढोल-दमाऊं और भौंकारों की गूंज के बीच निकली प्रभात फेरी ने पूरे नगर को देशभक्ति के उत्साह से भर दिया।
प्रभात फेरी में विभिन्न विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने आकर्षक वेशभूषा और पारंपरिक परिधानों में प्रतिभाग किया। विद्यालयों की ओर से तैयार की गई झांकियों में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ ही विकसित भारत का संदेश दिया गया। सांस्कृतिक विश्व धरोहर रम्माण और नंदा देवी राजजात की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
प्रभात फेरी नरसिंह मंदिर रोड से शुरू होकर मुख्य बाजार, नटराज चौक होते हुए टीसीपी बाजार तक पहुंची। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति के नारे लगाए। पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुतियों ने भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। जगह-जगह लोगों ने प्रभात फेरी का स्वागत किया।
सीमांत नगर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति के साथ ही स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से एक भारत-श्रेष्ठ भारत और विकसित भारत का संदेश दिया।
