
विभागीय योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने पर जोर, विकास कार्यों में समन्वय की उठी मांग
चमोली : जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों की विकास संबंधी समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जरूरतों को सामने रखते हुए विकास कार्यों को गति देने और विभागीय योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने की मांग उठाई।

बैठक में सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जाना जरूरी है। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी मिलने के साथ ही आमजन को मिल रहे लाभ की स्थिति भी स्पष्ट हो सकेगी। सदस्यों ने विभागीय अधिकारियों से जिला पंचायत के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
बैठक में महेंद्र सिंह, प्रदीप बुटोला, सुरेंद्र सिंह नेगी, हरीश राम, रमा राणा और संतोषी सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, विकास कार्यों और स्थानीय आवश्यकताओं पर विचार रखे। इस दौरान विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने सदस्यों के साथ विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष, सदस्य एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
