
चारधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2.38 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
देहरादून : उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस बार शुरुआत से ही श्रद्धालुओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार शाम 7 बजे तक बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में 2 लाख 38 हजार 590 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

शनिवार को ही 55 हजार 998 तीर्थयात्री चारधाम पहुंचे, जिससे यात्रा की रफ्तार लगातार बढ़ रही है।
केदारनाथ में सबसे ज्यादा भीड़
चारों धामों में केदारनाथ धाम श्रद्धालुओं की पहली पसंद बना हुआ है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से अब तक 1 लाख 24 हजार 782 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। शनिवार को यहां 31 हजार 160 श्रद्धालु पहुंचे।
बदरीनाथ में भी उमड़ी भीड़
23 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से 26 अप्रैल तक बद्रीनाथ धाम में 52 हजार 225 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। रविवार को यहां 14 हजार 341 श्रद्धालु पहुंचे।
यमुनोत्री-गंगोत्री में भी बढ़ा आंकड़ा
यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। 19 अप्रैल से 25 अप्रैल तक दोनों धामों में कुल 75 हजार 924 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
चारधाम यात्रा के शुरुआती दिनों में ही भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटा हुआ है।
