
रावल देवता और मां कालिंका की पूजा-अर्चना के बाद शुरू होंगे धार्मिक आयोजन, मेला मैदान में तैयारियां पूरी
केएस असवाल गौचर। नवरात्रि पर्व पर गौचर में रामलीला मंचन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जन कल्याण लोक सेवा समिति के तत्वावधान में कामधेनु रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला का शुभारंभ रविवार से होगा। इसके लिए मेला मैदान स्थित रामलीला मंच को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार ने बताया कि रामलीला के शुभारंभ पर रविवार सुबह रावल देवता और मां कालिंका की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद गौचर के प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर से गाजे-बाजे के साथ हनुमान ध्वज मेला मैदान स्थित रामलीला मंच तक लाया जाएगा। धार्मिक विधि-विधान के साथ होने वाले इन अनुष्ठानों के बाद रामलीला का विधिवत शुभारंभ होगा।
रामलीला गौचर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर वर्ष होने वाले इस आयोजन में क्षेत्रवासी उत्साह के साथ भाग लेते हैं। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का मंचन कर उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाता है। आयोजकों को इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के शामिल होने की उम्मीद है।

